Follow Us:

DSP सुंदरनगर सहित 144 पॉजिटिव, नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमित 3 महिलाओं की मौत

बीरबल शर्मा, मंडी |

नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमित तीन महिलाओं की मौत हो गई। कुल्लू जिले के वार्ड दो शास्त्रीनगर की 39 वर्षीय महिला को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से शुक्रवार रात रेफर किया था लेकिन उसकी रास्ते में मौत हो गई थी। मेडिकल कॉलेज में पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करसोग के बडार की रहने वाली 48 साल की महिला को शनिवार सुबह छह बजे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था और दो घंटे बाद आठ बजे उसकी भी मौत हो गई। सुंदरनगर के डोढंवा की रहने वाली 74 वर्षीय महिला को खांसी जुकाम की शिकायत पर सारी वार्ड में भर्ती करवाया गया था। करीब पौने बारह बजे उसकी मौत हो गई। उसकी कोरोना रिपोर्ट भी मरने के बाद पॉजिटिव आई है। एस.डी.एम. सुंदरनगर राहुल चौहान व उनके कार्यालय का एक कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

राहुल चौहान डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह  के संपर्क में आने से कोरोना की चपेट में आए हैं। वहीं, बिहार विधानसभा चुनाव की ड्यूटी से लौटे तृतीय भारतीय आरक्षित वाहिनी पंडोह के 22 जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी जवान चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद आइसोलेशन में थे। पुलिस थाना बलद्वाडा का एक जवान भी पॉजिटिव पाया गया है। लोक निर्माण विभाग के नेशनल हाइवे विंग के अधिशाषी अभियंता महेश राणा भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। वह गत पांच दिनों से होम आइसोलेशन में थे। सुंदरनगर शहर के 23 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें भोजपुर बाजार के एक ही परिवार के नौ सदस्य हैं। बल्ह हलके में 15 मामले आए हैं।

द्रंग हलके के घरेहड़ उरला, नगरोटा व पनारसा के 21 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। घरेहड़ उरला के 14 लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। जोङ्क्षगद्रनगर हलके के नकेहड हराबाग और गुम्मा के 16 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। नकेहड में एक ही परिवार के दस सदस्य शामिल हैं। सराज हलके के गाड़ागुसैणी व सरकाघाट के बलद्वाड़ा, ढलवाहण के चार-चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। सदर हलके के 11 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। इनमें सात लोग मंडी शहर, दो दुदर के रहने वाले हैं। 144 में से 121 आरटी-पीसीआर और 23 रैट से पॉजिटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने जिले में कोरोना संक्रमण के 144 नए मामले आने और तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि की है।