➤ शिमला जिले के सुन्नी उपमंडल में बड़ा सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
➤ हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत, बाली-गुम्मा क्षेत्र के रहने वाले थे दोनों मृतक
➤ स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को खाई से निकाला, प्रशासन की ओर से दी गई फौरी राहत
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के सुन्नी उपमंडल के तहत आने वाले गांव बेरटी के हाजल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जहां बीती रात एक अनियंत्रित कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तम (44) पुत्र मघनी राम, निवासी बाली (गुम्मा) और यशपाल (37) पुत्र नारायण दास, निवासी गुम्मा (तहसील शिमला) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक गुम्मा क्षेत्र के रहने वाले थे और कड़ारघाट-गुम्मा मार्ग से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। घटनास्थल सुनसान और दूरदराज होने के कारण रात के समय हादसे की भनक किसी को नहीं लग सकी।
मंगलवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने खाई में क्षतिग्रस्त कार को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सुन्नी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को गहरी खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना देकर पोस्टमार्टम करवाया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। एएसपी मेहर पंवार ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।



