Follow Us:

रोहतांग दर्रे पर हुई 6 इंच बर्फबारी, HRTC की बस समेत कई वाहन फंसे

नवनीत बत्ता |

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। विश्व विख्यात रोहतांग दर्रे पर 5 से 6 इंच के करीब ताज़ा बर्फ़बारी दर्ज की गई है। कांगड़ा की धौलाधार पर भी बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी से मनाली से केलांग और केलांग से मनाली बस सेवा बाधित हो गई है। वहीं, लेह-मनाली हाईवे भी बंद कर दिया गया है। बर्फ़बारी के चलते दर्रे पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस और अन्य वाहन फंस गए हैं। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया है और वाहनों में सवार सभी लोग मढ़ी में सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए हैं।

सभी बसों को मनाली बस स्टैंड और छोटे वाहनों को गुलाबा चैक पोस्ट से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है।  मनाली एसडीएम रमन घरसंगी और आरएम केलांग मंगल चंद मनेपा ने बताया कि खराब मौसम के चलते मनाली-लेह मार्ग पर सफर न करें। सोमवार को हिमाचल के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मैदानी इलाकों में 12 अक्तूबर तक बारिश के आसार नहीं है। मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी दो-तीन दिन कुछ स्थानों पर ही बारिश हो सकती है।

चंबा में भी हुआ हिमपात

चम्बा ज़िला के पहाड़ों पर भी ताज़ा हिमपात हुआ है। एक से डेढ़ फीट तक हुए हिमपात होने से ठंड भी बढ़ गई है।  तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज़ की गई है।

ये रहा तापमान

शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान शिमला में 22.6 डिग्री, मंडी के सुंदरनगर में 27.8, कुल्लू के भुंतर में 27.0, किन्नौर के कल्पा में 20.3, धर्मशाला में 23.8 डिग्री, ऊना में 30.8, सिरमौर के नाहन में 27.3, सोलन में 27.2, कांगड़ा में 28.6, बिलासपुर में 29.0, हमीरपुर में 28.8, चंबा में 26।2, डलहौजी में 17.1 और केलांग में 15।6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।