Follow Us:

ल्युमिनस पावर टेक्नोलॉजी वर्करज़ यूनियन के 700 मज़दूरों नें किया श्रमायुक्त का घेराव

पी. चंद |

ऊना के गगरेट स्थित ल्युमिनस पावर टेक्नोलॉजी वर्करज़ यूनियन के 700 मज़दूरों ने श्रम कार्यालय हिमलैंड शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया और श्रमायुक्त का घेराव किया। ऊना से आये इन मज़दूरों ने श्रमायुक्त से मांग की है कि अगर यूनियन का पंजीकरण 15 दिन के भीतर न किया गया तो आंदोलन होगा। प्रदर्शन में सीटू नेताओं सहित सात सौ मज़दूर शामिल रहे।

यूनियन अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि इस उद्योग के मजदूरों की यूनियन के पंजीकरण के कागजात पिछले एक साल से श्रम विभाग में लंबित हैं और जानबूझ कर श्रम विभाग द्वारा इस यूनियन का पंजीकरण नहीं किया जा रहा है। इस दौरान पंजीकरण के कुछ कागज श्रम विभाग से गायब हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि श्रम विभाग के कुछ अधिकारी कम्पनी की मैनेजमेंट से मिले हुए हैं।

मजदूरों ने आरोप लगया है कि ऊना के अंब स्थित श्रम निरीक्षक पूरी तरह कंपनी मैनेजमेंट से मिले हुए हैं और उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए जानबूझ कर यूनियन पंजीकरण में रोड़े अटका रहे हैं और मजदूरों के हितों को कुचल रहे हैं। उन्होंने श्रमायुक्त से मांग की है कि इस श्रम निरीक्षक को तुरन्त अंब से स्थानांतरित किया जाए ताकि देश  के कानून और श्रमिक अधिकारों की रक्षा की जा सके।