Follow Us:

हिमाचल पुलिस के 226 जवानों की टीम ने विशेष अभियान में ढूंढ निकाले 414 लापता लोग

पी.चंद, शिमला |

हिमाचल पुलिस के 226 पुलिस जवानों की टीम ने 8 से लेकर 31 अगस्त तक विशेष अभियान के माध्यम से प्रदेश भर में 414 लापता व्यक्तियों को ढूंढ निकाला। इस अभियान के लिए 39 गैर सरकारी संगठनों, 38 हेड कांस्टेबल, 89 कांस्टेबल, 46 लेडी कांस्टेबलों और 14 गृह रक्षकों के अलावा विभिन्न मंडल स्तरों पर खोजी टीमों का गठन किया गया था।

इन टीमों ने 994 आश्रय घरों, प्लेटफार्मों, बस स्टैंड, धार्मिक स्थानों का दौरा किया। जिसने बच्चों बुजुर्गों सहित 615 व्यक्तियों की जांच की। इस अभियान के दौरान इन टीमों ने लापता चल रहे 111 पुरुष, 252 महिला, 27 लड़कियां और 24 लड़कों समेत कुल 51 बच्चों को खोजकर परिजनों के हवाले किया।

पुलिस प्रमुख हिमाचल प्रदेश संजय कुंडू के मुताबिक़ इस विशेष अभियान के दौरान मंडी जिले में सबसे ज़्यादा 70 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला गया। सिरमौर में 62, शिमला में 59 और कुल्लू  में 50 लापता व्यक्तियों का पता लगाया गया है। पिछले तीन वर्षों की तुलना करें तो इस वर्ष का विशेष अभियान सबसे सफल रहा। क्योंकि साल 2017 में 210 का पता लगाया गया, 2018 में 252 और 2019 में 365 लापता व्यक्तियों का पता लगाया गया था।

वर्तमान में सबसे अधिक कुल्लू में 221, मंडी में 207 और बद्दी में 194 लोग लापता हैं। 2008 से 31 जुलाई 2020 तक पुलिस के पास 18571 लोगों के गुमशुदा होने की सूचना प्राप्त हुई। इनमें से 16 हजार 958 को ढूंढ लिया गया है। कोविड-19 महामारी के बावजूद, पुलिस खोज टीमों ने 414 व्यक्तियों को खोजने में सफलता हासिल की है, जिनमें 111 पुरुष, 252 महिलाएं और 51 बच्चे – इनमें से 27 लड़कियां और अन्य 24 पुरुष बच्चे शामिल हैं। डीजीपी का कहना है कि हिमाचल में ट्रेस किए गए व्यक्तियों का कुल प्रतिशत 91.31% है, जो काफी संतोषजनक है।