Follow Us:

धर्मशाला कॉलेज में मूलभूत समस्याओं और मांगों को लेकर ABVP ने की नारेबाजी

मृत्युंजय पुरी |

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की धर्मशाला महाविद्यालय इकाई ने शुक्रवार को मूलभूत समस्याओं और मांगों को लेकर कॉलेज परिसर में नारेबाजी की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आग्रह प्रशासन से कर रही है। परिसर में कूड़ेदानों की उचित व्यवस्था न होने के कारण कूड़ा कचरा यहां वहां बिखरा रहता है। कॉलेज के कुछ कमरों में शीशे लंबे समय से टूटे है पर इनकी मुरम्मत अभी तक नहीं हो सकी है। 

कॉलेज में शौचालयों की उचित व्यवस्था व रखरखाव सही नहीं है। आर्ट ब्लॉक से लेकर साइंस ब्लॉक तक रेन शेड बनना था, लेकिन यह अभी तक नहीं बन पाया है। कॉलेज में कई प्राध्यापकों के पद खाली हैं। इस कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि कोविड काल के बाद से अब तक लंबे समय के बाद ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हुई हैं। लेकिन प्राध्यापकों की कमी के कारण पूरी कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं। इकाई अध्यक्ष मालिनी ठाकुर, इकाई सचिव संजीव कुमार ने मांग की है कि पुस्तकालय को जल्द सैनिटाइज किया जाए। सफाई की उचित व्यवस्था हो। महाविद्यालय में जल्द एमकॉम डिपार्टमेंट बनाया जाए। उचित पानी की व्यवस्था की जाए। महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की जाए।