Follow Us:

अजय वर्मा ने योग सेहत और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया

एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा योग संगठन के कार्यक्रम में पहुंचे
प्रतिभागियों को योग और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया
अपना कांगड़ा एंटरटेनमेंट के टैलेंट शो में युवाओं की सराहना की


कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा 14 सितंबर को दो अलग-अलग आयोजनों में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे। पहला कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश योग संगठन द्वारा आयोजित किया गया, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर योगी रणजीत सिंह, योग आचार्य रमन, उमाकांत सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योग की विविध मुद्राएं प्रस्तुत कीं। अजय वर्मा ने सभी प्रतिभागियों की हौसला-अफजाई करते हुए कहा कि योग आज प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। योग करने वाला व्यक्ति तन और मन दोनों से स्वस्थ रहता है और उसके भीतर सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर योग को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को इनाम भी बांटे और आयोजन कर्ताओं को 11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भेंट की।

इसके उपरांत अजय वर्मा अपना कांगड़ा एंटरटेनमेंट के कार्यक्रम टैलेंट दे दन दनादन में भी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। यहां उन्होंने मंच पर युवाओं की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कहा कि यह पहल युवाओं की प्रतिभाओं को मंच देने का एक शानदार प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं।

अजय वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्हें अपने हुनर को बिना झिझक के सामने रखना चाहिए। उन्होंने इस कार्यक्रम को भी 11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस अवसर पर आयोजक सुमित गुप्ता और उनकी टीम ने उपाध्यक्ष को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस प्रकार दिनभर के दोनों आयोजनों में अजय वर्मा ने जहां योग का संदेश दिया, वहीं युवाओं की कला और प्रतिभा को सराहते हुए समाज को सकारात्मक दिशा देने की अपील की।