Follow Us:

वर्ल्‍ड स्‍की चैंपियनशिप के लिए मनाली के एल्विन का चयन, भारत का करेंगे प्रतिनधित्‍व

  • एल्विन कंवर का चयन वर्ल्ड स्की चैम्पियनशिप के लिए – मनाली के एल्विन कंवर का चयन 4 से 16 फरवरी तक ऑस्ट्रिया में होने वाली वर्ल्ड चैम्पियनशिप के लिए हुआ है।
  • 11वीं बार हुआ चयन – एल्विन का चयन लगातार 11वीं बार वर्ल्ड चैम्पियनशिप के लिए किया गया है।
  • हिमाचल की तीन महिला खिलाड़ी एशियन विंटर गेम्स में शामिल – इस बार हिमाचल से एल्विन अकेले भारतीय टीम का हिस्सा होंगे, क्योंकि तीन महिला खिलाड़ी पहले ही एशियन विंटर गेम्स में भाग ले रही हैं।

World Ski Championship 2025:  हिमाचल प्रदेश के मनाली के स्की खिलाड़ी एल्विन कंवर का चयन  अल्पाइन वर्ल्ड स्की चैम्पियनशिप के लिए किया गया है। यह चैम्पियनशिप 4 से 16 फरवरी तक ऑस्ट्रिया में आयोजित होगी। खास बात यह है कि एल्विन कंवर का चयन लगातार 11वीं बार इस प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप के लिए हुआ है।

एल्विन ने 2012 में पहली बार वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भाग लिया था। इस चैम्पियनशिप का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल स्की एंड स्नोबोर्ड (फिस) द्वारा किया जाता है।

इस चैम्पियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों—संध्या ठाकुर, आंचल ठाकुर और तनुजा ठाकुर—का भी चयन हुआ था, लेकिन वे एशियन विंटर गेम्स में भाग लेने के लिए पहले ही चीन जा चुकी हैं। इस कारण एल्विन कंवर इस बार हिमाचल से भारतीय टीम का इकलौता प्रतिनिधि होंगे।

एल्विन कंवर ने पिछले साल खेलो इंडिया स्की विंटर गेम्स में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया था। वे कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्की चैम्पियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

1997 में मनाली में जन्मे एल्विन कंवर का शिक्षा और खेल के प्रति रुझान बचपन से था। उनके पिता कंवर सिंह कंवर पर्वतारोहण संस्थान मनाली से सीनियर इंस्ट्रक्टर के पद से सेवानिवृत हुए हैं, और उन्होंने स्की के कई गुर अपने पिता से ही सीखे हैं।

एल्विन का स्की के प्रति जुनून इतना अधिक है कि बर्फ देखकर वे तुरंत ढलानों पर स्की करने के लिए निकल जाते हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से समाजशास्त्र में पीएचडी भी की है।