Follow Us:

20 दिसंबर को धर्मशाला आएंगे अमित शाह, नशा तस्करी और सीमा विवाद पर बड़ी बैठक

➤ धर्मशाला में 20 दिसंबर को 33वीं उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता

➤ नशा तस्करी, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और अंतरराज्यीय सीमा विवाद पर होगी चर्चा

➤ कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल, तैयारियां शुरू


धर्मशाला में 20 दिसंबर को होगी 33वीं उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे अध्यक्षता, नशा तस्करी, सीमा सुरक्षा और अंतरराज्यीय विवादों पर होगा मंथन, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

विस्तार

पर्यटन नगरी धर्मशाला 20 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक की मेजबानी करेगी। 33वीं नॉर्दर्न जोनल काउंसिल (उत्तर क्षेत्रीय परिषद) की बैठक एचपीसीए के इंडोर प्रैक्टिस हॉल में होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसकी अध्यक्षता करेंगे। बैठक में राज्यों के बीच लंबित विवादों और आपसी समन्वय से जुड़े विषयों पर चर्चा होती है। इस बार नशा तस्करी पर प्रभावी रोक, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, अंतरराज्यीय सीमा विवाद, बिजली और जल संसाधनों के बंटवारे जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं। साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित आपराधिक मामलों और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बैठक में उत्तर भारत के राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और प्रशासक सहित केंद्र व राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसमें क्षेत्रीय विकास, अंतरराज्यीय विवादों और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक को लेकर धर्मशाला में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार शीत सत्र के दौरान भी आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा हुई है।

जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग सुरक्षा, यातायात, ठहराव और प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं की तैयारियों में जुटे हैं। बैठक में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ के प्रतिनिधि शामिल होंगे। संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल व प्रशासक भी इसमें भाग लेंगे। केंद्रीय गृह सचिव, राज्यों के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

इससे पहले परिषद की 32वीं बैठक 17 नवंबर 2025 को हरियाणा के फरीदाबाद में हुई थी। इसकी अध्यक्षता भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की थी। इसमें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे। केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपालों और प्रशासकों ने भी इसमें भाग लिया था। कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि धर्मशाला में 20 दिसंबर को नॉर्दर्न जोनल काउंसिल की बैठक प्रस्तावित है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

क्या है उत्तर क्षेत्रीय परिषद: क्षेत्रीय परिषदें राज्य पुनर्गठन अधिनियम 1956 के तहत गठित सलाहकार निकाय हैं, जिनका उद्देश्य राज्यों और केंद्र के बीच सहयोग बढ़ाना और साझा समस्याओं का समाधान ढूंढना है। देश में पांच क्षेत्रीय परिषदें हैं, जिनमें उत्तर क्षेत्रीय परिषद उत्तर भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक मंच पर लाती है। इन बैठकों में आपसी सहमति से सीमा विवाद, नदी जल और बिजली बंटवारे, कानून-व्यवस्था और सामाजिक-आर्थिक विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है। हिमाचल जैसे सीमावर्ती राज्य के लिए नशा तस्करी और अंतरराज्यीय सीमा से जुड़े मसले खास अहमियत रखते हैं, इसलिए इस बैठक पर प्रदेश की नजरें टिकी रहेंगी।