Follow Us:

पीएम के खिलाफ पोस्ट का मामला: तिहाड़ जेल से छूटेगा हिमाचल का कांग्रेस नेता, मिली जमानत

पीएम के खिलाफ पोस्ट मामले में कांग्रेस नेता अनिल डडवाल को जमानत
तिहाड़ जेल से जल्द रिहाई की संभावना, न्यायिक हिरासत में थे बंद
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के आरोप में किया था गिरफ्तार


हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से जुड़े कांग्रेस नेता अनिल डडवाल को प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है, जिसके बाद तिहाड़ जेल से उनकी जल्द रिहाई की संभावना बन गई है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 25 फरवरी को अनिल डडवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं—336(4), 353(2) और 386—के तहत मामला दर्ज किया था। आरोप था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी।

पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए पहले गगरेट क्षेत्र के घनारी गांव में दबिश दी थी, लेकिन वह उस समय नहीं मिले। इसके बाद उनके घर के बाहर समन चस्पां किया गया था। बाद में 16 मार्च को अनिल डडवाल स्वयं दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे लंबी पूछताछ की गई और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया। इसके बाद कुछ दिन पहले उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद थे।

अनिल डडवाल ऊना जिले के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के घनारी गांव के निवासी हैं और ग्राम पंचायत दियोली के पूर्व उपप्रधान व पंचायत समिति सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस के सोशल मीडिया सेल में राष्ट्रीय स्तर पर समन्वयक की भूमिका भी निभा रहे हैं और स्थानीय राजनीति में सक्रिय माने जाते हैं।

इस मामले ने राजनीतिक रंग भी लिया था। गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने हिमाचल विधानसभा के शून्यकाल में इस गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया था और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को असंवैधानिक बताते हुए राज्य सरकार से हस्तक्षेप की मांग की थी।

अब अदालत से जमानत मिलने के बाद डडवाल की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है और आने वाले दिनों में इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।