Follow Us:

मंडी में आया कोरोना का एक और मामला, पास बनाकर चंडीगढ़ चेकअप करवाने गया व्यक्ति निकला पॉजिटिव

बीरबल शर्मा |

मंडी जिले में मंगलवार को एक और कोरोना पॉजटिव मामला सामने आया है। यहां सरकाघाट में रहने वाला एक 39 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उक्त व्यक्ति मूल रूप से उपमंडल धर्मपुर का रहने वाला है।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार यह व्यक्ति 12 जून को आने जाने का पास बनाकर जो 48 घंटे का होता है चंडीगढ़ गया था । यहां इसने किसी अस्पताल में अपना चेक अप करवाया और वापस लौट आया था। ऐसे में चंडीगढ़ से लौटने पर भी यह होम क्वारटांइन नहीं था।  फ्लू आदि की परेशानी के चलते इसने 15 जून को मंडी जोनल अस्पताल आकर अपना चेक अप करवाया था , जहां पर इसका सैंपल लिया गया था।

मंगलवार को आई रिपोर्ट में यह व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। सख्श के पॉजिटिव आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। क्योंकि चंडीगढ़ से आने के बाद यह व्यक्ति अपने घर परिवार के साथ साथ रहा और आशंका है कई लोगों के संपर्क में भी आया। चंडीगढ़ आना जाना किससे साथ हुआ, किस किस से इसका संपर्क हुआ, अब इसकी पड़ताल में स्वास्थ्य महकमा, प्रशासन और पुलिस जुट गई है।

विभाग के अनुसार इसे नेरचौक मेडिकल अस्पताल में लाया गया है। इसके रिहायशी क्षेत्र व आसपास के इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंडी अस्पताल में उसे किसने देखा, यहां कैसे आया, किस किस से मिला इसकी भी जांच शुरू हो गई है।