Follow Us:

कांग्रेस और पाकिस्तान की भाषा एक जैसी: अनुराग ठाकुर

|

  • कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के बयान पर अनुराग ठाकुर ने किया पलटवार
  • कहा- कांग्रेस नेता पाकिस्तान की भाषा बोल रहे
  • जनता से मॉक ड्रिल में भाग लेने की अपील भी की


Congress vs BJP: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा हमला बोला है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि खड़गे और कांग्रेस नेता पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस बताए, वह भारत के साथ है या पाकिस्तान के साथ।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि पाकिस्तान का पानी रोका तो वहां के लोगों के हल्क सूख जाएंगे। कांग्रेस और पाकिस्तान के बयान एक जैसे लगते हैं। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बोल और पाकिस्तान के बोल में फर्क नहीं रह गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं और पार्टी के कुछ नेता कहते हैं कि भारत को पाकिस्तान से युद्ध नहीं लेना चाहिए। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेस के बयानों को पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस्तेमाल करता है, जिससे भारत को नुकसान उठाना पड़ता है।

हमीरपुर कार्यालय में जनता की समस्याएं सुनने के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह 17 विधानसभा क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं हल कर रहे हैं। इस मौके पर विधायक आशीष शर्मा, इंद्र दत्त लखनपाल और पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री भी मौजूद रहे।

उन्होंने बुधवार को प्रस्तावित मॉक ड्रिल के लिए लोगों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की और कहा कि युद्ध जैसी स्थिति में इससे जान-माल की हानि को कम किया जा सकता है।