Follow Us:

22 दिन बाद अटल टनल रोहतांग सभी वाहनों के लिए खुली, बढ़ी रौनक ; मनाली-केलांग बस सेवा सोमवार से शुरू करने की तैयारी

भारी बर्फबारी के 22 दिन बाद अटल टनल रोहतांग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल
नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू तक साधारण वाहनों को अनुमति, पर्यटन कारोबार को राहत
मनाली-केलांग बस सेवा का ट्रायल, सोमवार से संचालन का दावा


करीब 22 दिन के लंबे इंतजार के बाद सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग एक बार फिर सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल कर दी गई है। 23 जनवरी को हुई भारी बर्फबारी के बाद टनल को पर्यटकों के लिए बंद करना पड़ा था। इसके बाद से केवल फोर बाई फोर वाहनों को ही सीमित दायरे में आवाजाही की अनुमति थी, जबकि सामान्य पर्यटक वाहनों को सोलंगनाला तक ही रोका जा रहा था। अब सड़क की स्थिति में सुधार होने पर प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए साधारण वाहनों को भी टनल के नॉर्थ पोर्टल और आगे सिस्सू तक जाने की अनुमति दे दी है।

शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में पर्यटक टनल की ओर उमड़ पड़े। साउथ पोर्टल और नॉर्थ पोर्टल के आसपास जमी बर्फ के बीच पर्यटकों ने जमकर मस्ती की। लंबे समय बाद टनल तक सीधी पहुंच मिलने से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण कई वाहन सड़क किनारे खड़े किए गए, जिससे यातायात प्रबंधन प्रशासन के लिए चुनौती बना रहा।

पर्यटन कारोबारी अभिषेक, अक्षित कुमार और अंकित वर्मा ने बताया कि टनल तक पर्यटक वाहनों के पहुंचने से स्थानीय कारोबार को नई गति मिलेगी। होटल, ढाबों और एडवेंचर गतिविधियों से जुड़े लोगों को भी राहत की उम्मीद है। उनका कहना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी।

प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एसडीएम रमण कुमार शर्मा ने पुष्टि की कि अब अटल टनल सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और बर्फ वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें।

उधर, बर्फबारी के कारण बंद पड़ी मनाली-केलांग बस सेवा को फिर से शुरू करने के लिए भी प्रयास तेज हो गए हैं। निगम ने शुक्रवार को इस मार्ग पर बस का ट्रायल किया। हालांकि ट्रायल पूरी तरह सफल नहीं रहा, लेकिन जिन स्थानों पर बस की आवाजाही में दिक्कत आई है, वहां सुधार के लिए प्रशासन ने बीआरओ को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों का दावा है कि सोमवार तक मनाली-केलांग के बीच नियमित बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि अटल टनल के बहाल होने से न केवल पर्यटन गतिविधियों को बल मिलेगा, बल्कि लाहौल-स्पीति क्षेत्र के लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी। यदि मौसम ने साथ दिया तो कोकसर और सिस्सू में शीतकालीन खेल गतिविधियां भी जल्द शुरू हो सकती हैं, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा।