Follow Us:

हिमाचल की ‘उड़नपरी’ सीमा ने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ में जीता ब्रॉन्ज मेडल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जिला चंबा के दूरदराज क्षेत्र की रहने वाली एथलीट सीमा ने देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया है। मध्यप्रदेश में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

बता दें कि इससे पहले सीमा ने दिल्ली में आयोजित पहली खेलो इंडिया स्कूल गेम्स 2018 में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता था। जिला चंबा से संबंध रखने वाली धाविका सीमा ने तीन हजार मीटर की दौड़ को दस मिनट 11 सेकंड में पूरा कर कांस्य पदक हासिल किया। उत्तर प्रदेश की धाविका रेवि पाल ने पहला स्थान हासिल किया है। रेवि पाल ने यह दौड़ दस मिनट नौ सेकंड में पूरा कर गोल्ड मेडल जीता।

महाराष्ट्र की पूनम सोनी ने दस मिनट 11 सेकंड में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया। सीमा ने कोयंबटूर में आयोजित जूनियर नेशनल में रजत पदक हासिल किया था। इसके आधार पर सीमा का खेलो इंडिया में चयन किया गया था। 3000 मीटर का यह मुकाबला बहुत ही रोमांचक रहा। तीन किलोमीटर की लंबी दौड़ का प्रथम तीन मेडल में मात्र दो सेकंड का अंतर रहा। हिमाचल तीसरे मेडल के साथ पदक तालिका में 28वें स्थान पर है। प्रतियोगिता में कुल 29 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेश भाग लेने पहुंचे हुए हैं।