Follow Us:

हिमाचल में बाहरी राज्यों से छोड़ा गया गोवंश किसानों के लिए बना परेशानी का सबब

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद गाय और गोवंश का मुद्दा प्राथमिकता पर है। लेकिन, जब बात आवारा गायों की आती है तो गोवंश के नाम पर हंगामा करने वाले गायब नजर आते हैं। दरअसल, नाहन के कई इलाकों में बाहरी राज्यों से सड़कों पर छोड़े गए आवारा पशु किसानों समेत आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। बाहरी राज्यों से छोड़ा गया गौवंश किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहा है। जिससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है।

बता दें कि नाहन क्षेत्र के धौलाकुआं, माजरा और मिश्रवाला में बाहरी राज्यों से सड़कों पर छोड़े गए गोवंश लोगों के लिए परेशानी बने हुए हैं। ये गोवंश किसानों की फसलों को तबाह कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र के किसान बेहद परेशान हैं। जिसके चलते क्षेत्र की करीब 3 पंचायतों के लोगों ने डीसी सिरमौर से इस समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई।

किसानों का कहना है कि गोवंश भारी मात्रा में खेतों में खड़ी फसलों को तबाह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई किसानों ने ऋण लेकर फसल की बिजाई की है, लेकिन अब वे फसल गोवंश द्वारा तबाह की जा चुकी है। ऐसे में किसानों को चिंता सताने लगी है। लोगों का कहना है कि ये गोवंश बाहरी राज्यों से प्रदेश में छोड़ा गया है, जोकि परेशानी का कारण बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए।