Follow Us:

हिमाचल में बिगड़ा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ़बारी से बढ़ी ठंड

पी. चंद, शिमला |

मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच बुधवार को मौसम ने करवट ली और पर्वतीय इलाकों में ताज़ा हिमपात हुआ। राजधानी शिमला से सटे पर्यटन स्थल कुफरी में दोपहर के समय बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। इससे यहां घूमने आए सैलानियों की बांछें खिल गईं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन राज्य भर में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। मैदानी इलाकों में कल गुरुवार के लिए अंधड़, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिला की पर्वत श्रृंखलाओं पर भी बर्फबारी हो रही है।

उधर, राजधानी शिमला सहित मैदानी इलाकों में आसमान बादलों से घिरा हुआ है। शिमला शहर में सैलानियों को साल की पहली बर्फबारी का बेसब्री से इंतज़ार है। शिमला में गत 26 दिसम्बर 2020 को सीजन की पहली बर्फबारी हुई थी।

इस बीच मौसम के तेवर बदलने से समूचा प्रदेश कड़ाके की सर्दी की जद में आ गया है। ताज़ा हिमपात से दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति के केलंग में न्यूनतम तापमान -5 डिग्री, कल्पा में -1.6, कुफरी में 0.5 और शिमला में 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।