Follow Us:

बद्दी में भाजपा नेता राज खान पर जानलेवा हमला, नमाज़ के दौरान फायरिंग के बाद डंडों से पीटा

➤ ऑफिस की छत पर नमाज़ पढ़ते समय तीन हमलावरों का हमला
➤ फायरिंग के बाद डंडों से मारपीट, राज खान और सहयोगी घायल
➤ सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल


बद्दी। भुड़ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देता सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाजपा नेता राज खान पर तीन अज्ञात हमलावरों ने उस समय हमला कर दिया, जब वह अपने ऑफिस की छत पर नमाज़ अदा कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, तीन युवक ऑफिस में घुसे और अंदर मौजूद लोगों से राज खान के बारे में पूछा। इसके बाद वे छत पर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचकर पहले पिस्टल से फायरिंग की गई, जो हवा में चली गई। इसके बाद हमलावरों ने डंडों से राज खान पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक सहयोगी को भी चोटें आईं।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल बद्दी पहुंचाया गया, जहां उपचार जारी है। फायरिंग के बावजूद किसी को गोली न लगना राहत की बात रही।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।