➤ भीषण गर्मी को देखते हुए SDM ने जारी किए सख्त आदेश
➤ स्कूलों के समय में बदलाव, आउटडोर गतिविधियां पूरी तरह बंद
➤ बच्चों की सुरक्षा के लिए ORS, पानी और हेल्थ गाइडलाइंस अनिवार्य
बैजनाथ उपमंडल में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। उपमंडल मजिस्ट्रेट संकल्प गौतम द्वारा जारी आदेश सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों और प्रशिक्षण संस्थानों में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
नए निर्देशों के तहत सभी स्कूलों को अपने वर्किंग आवर्स सुबह जल्दी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाया जा सके। इसके साथ ही खेलकूद, पीटी और अन्य आउटडोर गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रार्थना सभाएं अब केवल हॉल या छायादार स्थानों पर आयोजित की जाएंगी।
बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए संस्थानों को पीने के पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और नियमित वॉटर ब्रेक देने को कहा गया है। मिड-डे मील में ताजा भोजन परोसने के साथ-साथ स्कूलों में ORS पैकेट और फर्स्ट एड किट उपलब्ध रखना भी अनिवार्य किया गया है।
छात्रों को राहत देते हुए यूनिफॉर्म में भी ढील दी गई है। अब बच्चे हल्के सूती कपड़ों में स्कूल आ सकेंगे और टाई या ब्लेज़र पहनना जरूरी नहीं होगा। वहीं स्कूल बसों और वैन में ओवरक्राउडिंग न करने और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश वाहन ऑपरेटरों को दिए गए हैं।
प्रशासन ने उन स्कूलों को विशेष निर्देश दिए हैं, जो टिन की छत या कम वेंटिलेशन वाले भवनों में संचालित हो रहे हैं। ऐसे संस्थानों को वैकल्पिक छायादार कमरों का उपयोग करने को कहा गया है। साथ ही सभी संस्थानों को कंटीजेंसी प्लान तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लू या अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने जैसी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
SDM ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस आदेश की प्रतियां कांगड़ा प्रशासन और संबंधित विभागों को भी भेजी गई हैं, ताकि सभी क्षेत्रों में इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके।



