Follow Us:

उपचुनाव: कांग्रेस ने मैदान में उतारे मुख्यमंत्री, चन्नी-बघेल करेंगे प्रचार

डेस्क |

उपचुनाव के प्रचार में अब एक हफ्ते से भी कम समय रह गया है। जहां भाजपा के प्रचार की कमान खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर संभाल रहे हैं। तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने प्रचार के लिए अपने राष्ट्रीय नेताओं को उतारने की तैयारी कर ली है। 25 अक्तूबर को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ताल ठोकेंगे।

चन्नी कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए मंडी के नाचन में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 26 और 27 को मंडी में चुनावी रैलियां करेंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी चुनावी मैदान में उतरेंगे। ये दोनों मंडी की द्रंग के टकोली में प्रचार करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा 25 अक्तूबर को जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में आएंगे।

दूसरी ओर हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप राठौर शनिवार से जुब्बल-कोटखाई का दौरा शुरू करेंगे। राठौर 24 अक्टूबर को ननखड़ी और 25 को मंडी के नाचन में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे।

सिद्धू नहीं आएंगे हिमाचल
कांग्रेस के तेज तर्रार नेता और पंजाब कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू चुनाव प्रचार के लिए हिमाचल प्रदेश नहीं आएंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सिद्धू की व्यस्तता के चलते उनके कार्यक्रम तय नहीं हो सके हैं।