Follow Us:

बिलासपुर: कंपकंपाती ठंड के बीच 3 हजार युवाओं ने सेना भर्ती में दिखाया दम

सुनील ठाकुर, बिलासपुर |

सेना भर्ती कार्यालय अम्बाला द्वारा एआरओ हमीरपुर के युवाओं के लिए सेना भर्ती आज से शुरू हो गई। कंपकंपाती ठंड में युवा सुबह 4 बजे से ही भर्ती स्थल पर शारीरिक परीक्षण के लिए मैदान में डटे नजर आये। भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन बिलासपुर जिला के करीब 3 हजार युवाओं ने पसीना बहाया। सेना में भर्ती होने की चाहत दिल में लिए कोई देश सेवा करने, तो कोई अपने मां-बाप का सपना पुरा करने के लिए मैदान में अपनी ताकत झोंकता नजर आया।

सेना भर्ती कार्यालय द्वारा दौड़ सहित अन्य शारीरिक परीक्षण में अब्बल रहने वाले अभ्यर्थियों का (डोप टेस्ट) नशे का टेस्ट भी किया गया। वहीं अभ्यर्थियों को बिचौलियों से दूर रहने के प्रति जागरूक भी किया गया। भर्ती स्थल पर पारदर्शिता बनाने के लिए करीब 40 सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। 22 जनवरी तक चलने वाली इस सेना भर्ती में बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना के करीब 23 हजार युवा हिस्सा लेंगे।

 11 दिन तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में सैनिक सामान्य डयूटी, सैनिक तकनीकी, सैनिक लिपिक/स्टोर कीपर तकनीक, सैनिक ट्रेडसमैन और सैनिक नर्सिंग सहायक के पदों के लिए भर्ती होगी। भर्ती के पहले ही दिन दिलों में देश सेवा का जज्बा लिए बिलासपुर जिला के लगभग तीन हजार युवाओं ने हिस्सा लिया। भर्ती के पहले दिन सिपाही सामान्य डयुटी के लिए शारीरिक परिक्षण किया गया जिसमें भर्ती होने आये युवाओं को दौड़, बीम पुल अप, जिग जैग बेलेंसिंग तथा गढढा फांदना जैसे कड़े परीक्षण में से गुजरना पड़ा जिससे ग्राऊंड टैस्ट क्लीयर करने के लिए युवाओं को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल सतीश कुमार ने बताया कि भर्ती के पहले दिन बिलासपुर जिला के 3200 युवाओं ने आवेदन किया था। उन्होने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में पूरी पार्दर्शिता बरती जा रही है। भर्ती स्थल पर नजर रखने के लिए 40 सीसीटीवी कैमरा भी स्थापित किये गए हैं। वहीं भर्ती प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने के लिए सेना और सिविल के करीब 200 कर्मियों की तैनाती की गई है।