● भ्रष्टाचार, माफिया राज और झूठे वादों के खिलाफ BJP का हल्लाबोल
● महाधरने में 10 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा
Himachal BJP Protest: हिमाचल प्रदेश में आज भाजपा कांग्रेस सरकार के खिलाफ महाधरना देने जा रही है। भाजपा का दावा है कि इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से 10 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी इस आंदोलन के जरिए सरकार की नाकामियों, माफिया राज और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाएगी।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में माफिया राज अपने चरम पर है। ट्रांसफर, कबाड़, नशा, शराब, ठेकेदार, जंगल, खनन, भू, जल जैसे हर क्षेत्र में माफिया सक्रिय हैं और कांग्रेस सरकार इन्हें संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।
BJP प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि झूठ बोलने में कांग्रेस सरकार पीएचडी कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 6 गारंटियों को पूरा नहीं किया और जनता से सिर्फ झूठे वादे किए गए।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप हो चुकी है और नशे का कारोबार बेकाबू हो गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 2 महीने में 10 से ज्यादा मौतें नशे की ओवरडोज से हो चुकी हैं।
कौन-कौन नेता रहेंगे मौजूद?
इस महाधरने में भाजपा के कई बड़े नेता शामिल होंगे, जिनमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज और सांसद कंगना रनोट प्रमुख हैं।



