➤ पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप के बेटे पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
➤ सोलन पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी टीम
➤ पहले भी पत्नी ने दर्ज करवाई थी घरेलू हिंसा की शिकायत
सोलन। संसदीय क्षेत्र शिमला से दो बार सांसद रह चुके प्रो. वीरेंद्र कश्यप के बड़े बेटे बृजेश्वर कश्यप पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का मामला दर्ज हुआ है। बृजेश्वर कश्यप पेशे से डेंटिस्ट हैं और सोलन में निजी क्लिनिक चलाते हैं।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बृजेश्वर कश्यप ने उसे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब उसने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने इन्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि बृजेश्वर पहले से ही विवाहित हैं और अपनी पत्नी से तलाक का मामला न्यायालय में लंबित है।
सोलन पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
सूत्रों के अनुसार, बृजेश्वर कश्यप का उक्त महिला के साथ पिछले दो साल से संबंध चल रहा था। इस बीच, जब आरोपी ने शादी से इनकार किया, तो महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया। अब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी उसकी पत्नी ने वर्ष 2024 में आईपीसी की धारा 498 के तहत शिकायत दी थी। अब एक अन्य महिला ने भी यौन शोषण की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पहले भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बड़े भाई पर भी दुष्कर्म के आरोप लगे थे। वह एक वैद्य हैं और उन पर 25 वर्षीय युवती से उपचार के दौरान दुष्कर्म करने का आरोप है, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था।



