Follow Us:

गुड़िया मामले में CBI ने इन्हें बनाया सरकारी गवाह

समाचार फर्स्ट |

गुड़िया मामले से जुड़े सूरज हत्याकांड में गिरफ्तार पुलिस अफसरों की मुश्किल बढ़ गई है। दरअसल CBI ने इन पुलिस अधिकारियों को सरकारी गवाह बनाया है और इसमें उन्होंने इनको क्लीन चिट दे दी है। यह दोनों अधिकारी SIT में शामिल थे। इन दोनों अधिकारियों के नाम हैं एएसपी भजन देव नेगी और डीएसपी रतन सिंह नेगी। जानकारी के मुताबिक SIT में शामिल दोनों अधिकारी अब IG जैदी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ बनाए गए हत्या, प्रताड़ना और फर्जीवाड़े के मामले में सरकारी गवाह होंगे।

CBI सूत्रों के मुताबिक भजन देव नेगी और रतन सिंह नेगी उनकी पूछताछ के दौरान गवाही देने को तैयार हो गए थे। इस मामले में दोनों अधिकारियों का कहना है कि सूरज हत्याकांड से उनका कोई वास्ता नहीं है। दोनों अधिकारियों ने कहा कि वह इस मामले से शुरू से ही पीछे हट गए थे। दरअसल सीबीआई की ओर से बनाई गई चार्जशीट में दी गई 84 गवाहों की सूची में इन दोनों अधिकारियों के नाम हैं।

आईजी की जांच से सहमत नहीं थे भजन नेगी

सूत्रों के मुताबिक भजन नेगी ने ही गुड़िया मामले के पांच आरोपियों राजू, छोटू, दीपू, आशीष चौहान और सुभाष को पकड़ा था। उन्होंने पूरी जांच के बाद ही आरोपियों के नामों को सार्वजनिक करने के लिए कहा था। बताया जाता है कि इस बार में भजन नेगी और आईजी की काफी देर तक बात हुई थी। वह आईजी की जांच से सहमत नहीं थे और वह कुछ अलग तरह से जांच करना चाहते थे।