➤ चंबा के सलूणी में ऑल्टो कार 150 फीट गहरी खाई में गिरी
➤ हादसे में पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
➤ स्थानीय लोगों ने बचाव कर अस्पताल पहुंचाया, शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी उपमंडल में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, गगलू गांव निवासी घिसो राम अपनी पत्नी रजनी और बेटे मुकेश के साथ एक रिश्तेदार से मिलकर घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी ऑल्टो कार वांगल-मंगलेरा सड़क पर मंदरोड़ी नाला के पास पहुंची ही थी कि अचानक वाहन बेकाबू हो गया और करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर तीनों को खाई से बाहर निकाला। तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने घिसो राम और उनकी पत्नी रजनी को मृत घोषित कर दिया। उनका बेटा मुकेश गंभीर रूप से घायल है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर किया गया।
घटना की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और परिवार के साथ-साथ गांव में भी शोक की लहर है।



