Follow Us:

जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष गठित: विपिन सिंह

समाचार फर्स्ट डेस्क |

स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि गम्भीर बीमारियों से ग्रस्त जरूरतमंद लोगों को उपचार के लिए सहायता प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष गठित किया गया है। इस कोष के तहत जरूरतमंद को प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के अतिरिक्त प्रदेश के बाहर पीजीआई चंडीगढ़, मेडिकल कॉलेज चण्डीगढ़, एम्स दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत पंजीकृत अस्पतालों में उपचार करवाने के लिए भी सहायता प्रदान की जा सकेगी। सभी गंभीर बीमारियों को इसमें शमिल किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री आज वीरवार को सुलह विधानसभा क्षेत्र के ननाओं में लोगों की समस्याओं को  सुनने के उपरांत बोल रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने ननाओं में लगभग 200 लोगों की समस्याओं को सुनकर अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगर  लोगों की समस्याओं से सम्बन्धित कोई आवेदन उनके समक्ष आता है तो उस पर समयबद्ध निपटारा कर उन्हें अवगत करवाएं ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।