Follow Us:

नशे के खिलाफ मुख्यमंत्री की अपील, युवाओं से मांगा सहयोग

पी. चंद, शिमला |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज टांडा मेडिकल कॉलेज में दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य पर युवाओं को एकजुट होकर समाज में नशे की बुराई से लड़ने के लिए आगे आने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि नशा नई पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है। नशे के खिलाफ व्यापक स्तर पर लड़ाई लड़नी होगी। इस लड़ाई को लड़ने के लिए उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्रियों से सहयोग मांगा है। सभी ने सहयोग के लिए आश्वस्त किया है। हम चारों मुख्यमंत्री नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाएंगे।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के सहयोग से हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ हुई हैं। राज्य में अकेले सरकारी क्षेत्र में 6 मेडिकल कॉलेज हैं। केंद्र सरकार ने राज्य के लिए AIIMS स्वीकृत किया है, जिसे बिलासपुर जिला के कोठीपुरा में खोला जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन सभी प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से राज्य हर वर्ष 600 चिकित्सक तैयार करेगा और राज्य के लोगों की सेवा के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में उत्कृष्ट चिकित्सक उपलब्ध होंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश हालांकि छोटा राज्य है और देवभूमि के नाम से जाना जाता है, लेकिन अब इसे वीरभूमि के नाम से भी जाना जाने लगा है।