Follow Us:

शिमलाः मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम अभियान को मुख्यमंत्री की हरी झंडी

पी. चंद, शिमला |

हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों एवं मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम पर राज्य स्तरीय विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। 15 नंवबर से15 दिसंबर एक माह तक चलने वाले इस अभियान को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नशे के ख़िलाफ़ इस अभियान में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाएं जाएंगे। इस अभियान के तहत सचिवालय खेल सेवाओं की ओर से राष्ट्रीय कब्बड्डी प्रतियोगिता का आयोजन भी शिमला में करवाया जा रहा है। 15 से 19 नवंबर तक चलने वाली राष्ट्रीय कब्बडी प्रतियोगिता में देश भर की करीब 40 टीमें भाग ले रही है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में नशे के ख़िलाफ़ कई तरह के जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी के तहत कब्बडी प्रतियोगिता व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। युवाओं में मादक पदार्थों के सेवन का बढ़ता प्रचलन चिंता का विषय है। इसलिए बढ़ते नशे की रोकथाम के लिए युवाओं को खेलों में व्यस्त रखना जरूरी है। समाज के हर वर्ग को इस अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। नशे के खिलाफ शुरू किए गए इस विशेष अभियान में विधि जानकारों, पंचायती राज संस्थानों, युवक मंडलों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों के सदस्य को शामिल किया जाएगा।