मौसम ने फिर करवट बदली है। वीरवार दोपहर बाद से जिला कांगड़ा के धर्मशाला सहित कई स्थानों में बारिश हुई। वहीं धौलाधार पर्वत श्रृंखला में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। त्रियुंड सहित छोटा भंगाल घाटी के कई स्थानों में बर्फबारी हुई है। इससे जहां सर्द हवाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं छोटा भंगाल घाटी में बर्फबारी से ऊंचाई वाले गांवों में रास्ते बंद होने की संभावना भी बनने लगी है।
हालांकि पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में भी बारिश हुई है। जबकि धर्मकोट और भागसूनाग में कुछ समय के लिए बर्फ के फाहे भी गिरे। मैक्लोडगंज के व्यवसायी अनिल शर्मा और अमन अग्रवाल का कहना है कि काफी सालों बाद दिसंबर में मैक्लोडगंज में मौसम बर्फबारी का बना है। उम्मीद है इस बार क्रिसमस या नए साल के मौके पर मैक्लोडगंज में बर्फ होगी।
मौसम विभाग के अनुसार मैक्लोडगंज में बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी होने से तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जिला कांगड़ा के बिलिंग में भी बर्फ के फाहे गिरे हैं। इसके अलावा कई स्थानों में हल्की बारिश हुई है। जिला कांगड़ा को बड़ा भंगाल और मनाली से जोड़ने वाले थमसर ग्लेशियर, धर्मशाला को चंबा से जोड़ने वाले इंद्रहार पास और बैजनाथ के जालसू जोत में भी बर्फबारी की सूचना है।