Follow Us:

कुल्लू और सिरमौर में फटा बादल, आधी रात घर छोड़कर भागे लोग, फसलें तबाह

डेस्क |

प्रदेश मे मॉनसून की विदाई का समय नजदीक है लेकिन मौसम अभी भी कड़ा रुख अपनाए हुए है। प्रदेश में हो रही भारी बारिश से जगह-जगह से भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रदेश की दर्जनों सड़कें बारिश के चलते बंद हो गई हैं तो वहीं किसानों बागवानों की फसलों को भी बारिश से भारी नुकसान पहुंचा है। इस बीच प्रदेश में बीती रात दो जगहों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं।

पहला मामला जिला कुल्लू में सामने आया है। यहां मनाली के बरुआ गांव में आधी रात को बादल फटने के बाद आई बाढ़ से गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया। बाढ़ का पानी लोगों के घरों में जा घुसा। लोग आधी रात को घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।

वहीं, सेब के बगीचों को भी बाढ़ से भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि इस घटना में किसी भी प्रकार के जानी नुकसान की खबर नहीं है। वहीं, क्षेत्र में हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए प्रशासन की टीम पहुंच गई है।

वहीं, बादल फटने की दूसरी घटना सिरमौर जिला के निहोग के पास चम्यार कोराड गांव में पेश आई है। यहां बादल फटने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। भारी बारिश के चलते किसानों की खड़ी फसलें तबाह हो गई हैं। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। उधर, राजस्व विभाग नुकसान का आंकलन करने में जुटा है। सिरमौर में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।

बाद दें कि प्रदेश में बीती रात बारिश ने भारी कहर ढाया है। बारिश के चलते सड़कें बिजली पानी की सप्लाई भी बाधित हुई है। उधर, मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। विभाग ने प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कि किया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 26 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा।