Follow Us:

हिमाचल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए वचनबद्ध है सरकार: सीएम जयराम

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने लोगों से सरकार को अपना सक्रिय सहयोग देते रहने का आग्रह किया। जिससे कि राज्य में विकास की गति में कोई बाधा न आए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा के धर्मशाला में प्रसिद्ध जोरावर मैदान में लाभार्थी सम्मेलन को सम्बोधित किया। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली सरकार जिसने अपने दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे कर लिए हैं को बधाई देते हुए कहा कि भारत को दुनिया के विकसित राष्ट्रों में से एक बनाने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार ने इन 100 दिनों में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि भारत एक गतिशील राष्ट्र के रूप में उभरे और हिमाचल प्रदेश की विकासात्मक जरूरतों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण और उदारतापूर्वक कार्य किया है।

जयराम ठाकुर ने अभी हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में प्रदेश के लोगों को भाजपा का पूर्ण सहयोग करने के लिए आभार प्रकट किया। हिमाचल प्रदेश में भाजपा को देशभर में सबसे अधिक वोट प्राप्त हुए हैं और कांगड़ा लोकसभा सीट पर 72 प्रतिशत वोट हासिल हुए जोकि देशभर में सबसे अधिक है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता अभी भी भाजपा की लोकसभा में इस ऐतिहासिक जीत के सदमें से नहीं उभर पाए हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब भाजपा प्रत्याशी प्रदेश की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल करने में सफल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने का निर्णय केन्द्र सरकार की पहले 100 दिनों के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि है, इससे देश को एक राष्ट्र एक संविधान का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि चन्द्रयान-2 ने भी यह सुनिश्चित किया है कि विश्व समुदाय भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्वीकार करे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा के विकास को शीर्ष प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में कई पर्यटन योजनाएं चल रही है और रज्जू मार्ग का कार्य अगले वर्ष मई में पूरा हो जाएगा तथा हिमानी चामुण्डा रज्जू मार्ग बनाने के प्रयास जारी है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष 7-8 नवम्बर को आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेटर्ज मीट के लिए धर्मशाला को चयनित किया गया है।