Follow Us:

कांगड़ा: CM जयराम ने 45वीं राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को एक बार फिर कांगड़ा जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री का गग्गल में कैबिनेट मंत्री, विधायकगण, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता ने स्वागत किया।

मुख्यमंत्री दोपहर बाद कांगड़ा में आयोजित 45वीं राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के शुभारंभ करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांगड़ा वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता स्नेह और आशीर्वाद हमेशा उन्हें मिलता रहेगा। बता दें कि रात को जयराम ठाकुर सर्किट हाउस धर्मशाला में ठहरेंगे और 13 नवंबर की सुबह शिमला के लिए रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न खेलों के लिए उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना सुनिश्चित करने के लिए कांगड़ा में इण्डोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना का सृजन किया जाएगा, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

राज्य में इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राज्य बास्केटबॉल एसोशिएसन के प्रयासों की सराहना करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 600 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बड़े पैमाने पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल देश और राज्य में काफी लोकप्रिय खेल है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करती है ताकि वे राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल कर सके।