Follow Us:

CM ने जाना पंडित सुखराम का कुशलक्षेम, दिल्ली शिफ्ट करने के लिए भेजा सरकारी हेलिकॉप्टर

हिमाचल प्रदेश की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री पंडित सुखराम को शुक्रवार को ब्रेन स्ट्रोक के चलते जोनल अस्पताल मंडी मे भर्ती करवाया गया था

पी.चंद |

हिमाचल प्रदेश की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री पंडित सुखराम को शुक्रवार को ब्रेन स्ट्रोक के चलते जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया था और आज उनके स्वास्थ्य मे थोडा सुधार है। अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी में है।

वहीं, शनिवार सुबह ही पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जानने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य का डाक्टरों से ब्यौरा लिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की। पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम की स्वास्थ्य कारणों से नाजुक हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपना सरकारी हेलीकॉप्टर उन्हें दिल्ली छोड़ने के लिए भेजा और स्वयं सड़क मार्ग से कुल्लू के बंजार को निकल गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित सुखराम का हिमाचल प्रदेश की राजनीति में बड़ा नाम है और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और जो यथासंभव मदद होगी वो की जाएगी।