Follow Us:

हिमाचल में 100 स्कूल CBSE सिलेबस पर आधारित होंगे, 68 डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की तैयारी

|

  • मुख्यमंत्री सुक्खू ने ढलियारा में 32वीं चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में विद्यार्थियों को किया संबोधित

  • प्रदेश में 100 स्कूलों में CBSE सिलेबस और 68 डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा

  • पुरानी पेंशन योजना को बताया कर्मचारियों की सुरक्षा का सवाल, नहीं था कोई राजनीतिक उद्देश्य


देहरा, Barjeshwar Saki:  राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में आयोजित 32वीं राज्य स्तरीय हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में भाग ले रहे विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार की शैक्षणिक, सामाजिक और कर्मचारी हितैषी नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर के मानकों को अपनाने की दिशा में अग्रसर है। इसी उद्देश्य से राज्य के 100 स्कूलों में CBSE सिलेबस लागू करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, राज्यभर में 68 राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को सुविधाजनक और आधुनिक शिक्षा मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 967 टीजीटी पदों (Arts, Medical, Non-Medical) पर भर्ती प्रक्रिया आरंभ की जा रही है। दो वर्षों तक राज्य कर्मचारी चयन आयोग भ्रष्टाचार के कारण निष्क्रिय रहा, जिससे हजारों युवाओं को अवसर नहीं मिल पाए। इसी को ध्यान में रखते हुए भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 47 वर्ष निर्धारित की गई है ताकि योग्य उम्मीदवारों को मौका मिल सके।

पुरानी पेंशन योजना (OPS) पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने दोहराया कि यह निर्णय राजनीतिक नहीं, बल्कि कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा, “OPS कोई चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि यह कर्मचारियों का हक है, जिसे हमारी सरकार ने जिम्मेदारी से लागू किया।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसके लिए सरकार ने हर वर्ष 1600 करोड़ रुपये का आर्थिक भार वहन करने का निर्णय लिया, जबकि केंद्र सरकार ने यह शर्त रखी है कि हिमाचल NPS अपनाए तभी वह सहायता देगा।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और विज्ञान कांग्रेस में भाग लेने वाले सभी छात्रों की सराहना की। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, कॉलेज स्टाफ, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।