-
शिमला में आयोजित साइकिल रन को सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किया रवाना
-
‘प्लास्टिक न्यूट्रल हिमाचल-2030’ और ‘स्वच्छ शिमला अभियान’ की शुरुआत
-
पर्यावरण संरक्षण को बताया जनसहभागिता से जुड़ा दायित्व
शिमला, पराक्रम चंंद: पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को ओक ओवर, शिमला से ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने’ के संदेश के साथ आयोजित साइकिल रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश को प्लास्टिक न्यूट्रल बनाने के लिए 2030 तक के लक्ष्य के तहत ‘प्लास्टिक न्यूट्रल हिमाचल-2030 जागरूकता अभियान’ और ‘स्वच्छ शिमला अभियान’ का विधिवत शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के माध्यम से प्रदेशवासियों को प्लास्टिक मुक्त हिमाचल की शपथ दिलाई और कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि हिमाचल को प्लास्टिक से बचाने के लिए हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में हिमाचल को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिनमें नीति निर्माण के साथ-साथ समाज में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाना भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा हमारी सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है, और हिमाचल का प्राकृतिक वैभव इसकी विशिष्ट पहचान है। इसे कायम रखने के लिए सतत और जागरूक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

इस साइकिल रन में बड़ी संख्या में छात्रों, गृह रक्षकों, स्वयंसेवकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण सरंक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर शिमला के विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, एसपी गौरव सिंह, निदेशक डीसी राणा, नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री, अतिरिक्त निदेशक प्रवीण गुप्ता, और मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सुरेश अत्री समेत कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।



