Follow Us:

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली दौरे पर, कैबिनेट विस्तार और संगठन पर मंथन संभव

|

Himachal Cabinet Expansion: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां वे अगले दो दिन तक कांग्रेस के शीर्ष नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे पार्टी की नव नियुक्त हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल से भी चर्चा करेंगे। सुक्खू के इस दौरे को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री अपने दिल्ली दौरे में राज्य में कैबिनेट विस्तार और कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन को लेकर शीर्ष नेतृत्व से विचार-विमर्श करेंगे। प्रदेश मंत्रिमंडल में एक पद खाली है, जिसे जल्द ही भरा जाना है। साथ ही, कांग्रेस का प्रदेश संगठन भी बीते 100 दिनों से भंग पड़ा हुआ है, जिसे लेकर पार्टी नेताओं ने कई बार असंतोष जाहिर किया है।

संगठन और नए अध्यक्ष को लेकर होगी चर्चा

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल अप्रैल 2025 में पूरा हो रहा है। ऐसे में नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

मंत्री पद की दौड़ में ये नेता

कैबिनेट में खाली पद को भरने के लिए कई नाम चर्चा में हैं। इनमें अर्की से विधायक संजय अवस्थी, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, ज्वालाजी से संजय रत्न और पालमपुर से आशीष बुटेल शामिल हैं। क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए मंत्री की नियुक्ति की जा सकती है।

मंडी संसदीय क्षेत्र से अभी केवल एक मंत्री, जगत सिंह नेगी, कैबिनेट में हैं। ऐसे में सुंदर सिंह ठाकुर की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। कांगड़ा जिले से संजय रत्न और आशीष बुटेल भी मंत्री बनने की दौड़ में शामिल हैं।

मुकेश अग्निहोत्री और विक्रमादित्य सिंह भी दिल्ली रवाना

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री इसके बाद राजस्थान में एक कार्यशाला में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री सुक्खू के इस दौरे के बाद हिमाचल कांग्रेस संगठन और सरकार में अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।