➤ सीएम सुक्खू ने शिमला को दी 108.16 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
➤ 66.81 करोड़ से रिज मैदान का स्थिरीकरण और पुराने बस अड्डे पर पार्किंग का लोकार्पण
➤ सर्कुलर रोड को डबल लेन करने और 600 करोड़ से नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का एलान
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को राजधानी शिमला के समग्र विकास के लिए 108.16 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने सबसे अहम और ऐतिहासिक रिज मैदान को बचाने के लिए 66.81 करोड़ रुपये की लागत से पूरे किए गए सुधार एवं स्थिरीकरण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। पिछले लंबे समय से रिज मैदान के धंसने का खतरा बना हुआ था, जिसे रोकने और इस पूरे क्षेत्र को तकनीकी रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से यह स्थिरीकरण कार्य करवाया गया है, जिससे शिमला की इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित किया जा सका है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने शिमला में श्री गुरुद्वारा साहिब और पुराने बस अड्डे के समीप 6.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस आधुनिक सुविधा से न केवल स्थानीय लोगों और दुकानदारों को लाभ मिलेगा, बल्कि पर्यटन और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लंबे समय से शहर में पार्किंग की जो भारी समस्या बनी हुई थी, उसे कम करने में यह कॉम्प्लेक्स मील का पत्थर साबित होगा। इसके अलावा सीएम सुक्खू ने बालूगंज के समीप पशु पड़ाव में शिमला नगर निगम के कर्मचारियों के लिए 34.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक आवासीय परिसर की भी आधारशिला रखी।

विकास कार्यों के इस उद्घाटन समारोह में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व पर्यटन मानचित्र पर शिमला की एक विशिष्ट और अलग पहचान है। इस शहर की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक स्वरूप को बनाए रखते हुए यहां के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मंच से राजनीतिक हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए बिना पर्याप्त बजट का प्रावधान किए केवल राजनीतिक लाभ के लिए शिलान्यास किए थे, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इन परियोजनाओं को धरातल पर पूरा करने के लिए आवश्यक बजट का पूरा प्रावधान सुनिश्चित किया है।

आगामी बड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला में यातायात और जाम की भारी समस्या के स्थायी समाधान के लिए सर्कुलर रोड को डबल लेन किया जा रहा है, जिससे हर साल यहां आने वाले लाखों पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। श्री सुक्खू ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार 600 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से सब्जी मंडी में एक बेहद आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर रही है। इसके अलावा, छोटा शिमला से सीटीओ तक 150 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत यूटिलिटी डक्ट्स का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य शहर की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित करने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाना है। इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, उपायुक्त अनुपम कश्यप, एसपी गौरव सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



