Follow Us:

सीएम सुक्खू का कांगड़ा-चंबा दौरा 2 से 4 जून तक, दर्जनों विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे

  • 2 जून से शुरू होगा तीन दिवसीय कांगड़ा-चंबा दौरा, पहले दिन बारू, ज्वालामुखी, नादौन और देहरा में रहेंगे मुख्यमंत्री

  • 3 जून को पोंग डैम विस्थापितों को वन अधिकार पट्टे, सड़क और स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

  • 4 जून को ढलियारा कॉलेज, जल शक्ति विभाग और बाल विज्ञान सम्मेलन में शामिल होकर शिमला लौटेंगे



Sukhvinder Sukhu Kangra Tour: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 2 जून से 4 जून तक कांगड़ा और चंबा जिलों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन करेंगे और जनसभाओं व जनसुनवाइयों के माध्यम से आम लोगों से सीधा संवाद करेंगे।

2 जून को मुख्यमंत्री शिमला से हमीरपुर के बारू पहुंचेंगे, जहां वे वन विभाग के संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद ज्वालामुखी में पुलिस चौकी का उद्घाटन और फायर स्टेशन की आधारशिला रखेंगे। दिनभर के दौरे में वे नादौन के खरीड़ी में खेल परिसर का निरीक्षण, एसडीपीओ कार्यालय का उद्घाटन और सेरा विश्राम गृह में जनता की समस्याएं सुनने का कार्यक्रम भी शामिल है। दिन का समापन देहरा में जनसुनवाई के साथ होगा।

3 जून को हरिपुर में पोंग डैम विस्थापितों को वन अधिकार पट्टे वितरित किए जाएंगे। इसके साथ-साथ कई सड़क परियोजनाओं और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर का उद्घाटन भी किया जाएगा। वे हरिपुर मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे और पुनः देहरा में जन समस्याएं सुनेंगे।

4 जून को देहरा में सर्किट हाउस, सिविल अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट और संयुक्त कार्यालय भवन की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा जल शक्ति विभाग के वृत्त कार्यालय का उद्घाटन और जल शोधन संयंत्रों की आधारशिला रखी जाएगी। इस दिन वीएफएमसी कांगड़ा और चंबा को सम्मानित भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री का दौरा ढलियारा कॉलेज में प्रशासनिक ब्लॉक के उद्घाटन और हिमाचल प्रदेश बाल विज्ञान सम्मेलन में बच्चों को संबोधित करने के साथ समाप्त होगा। शाम को वे शिमला वापस लौट जाएंगे।