Follow Us:

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कनाडा में प्रवासियों को दी शुभकामनाएं, हिमाचल आने का दिया निमंत्रण


मुख्यमंत्री सुक्खू ने कनाडा में कुल्लू दशहरा समारोह पर भारतीय प्रवासियों को दी शुभकामनाएं
हिमाचल में निवेश और पर्यटन के लिए प्रवासियों को किया आमंत्रित
ओटावा में आयोजित कार्यक्रम में हिमाचली संस्कृति और ‘नाटी’ का आकर्षक प्रदर्शन



शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कनाडा के ओटावा स्थित ऐतिहासिक संसद हिल पर आयोजित कुल्लू दशहरा समारोह के अवसर पर एक विशेष वीडियो संदेश के माध्यम से भारतीय प्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन सांसद मैरी-फ्रांस लालोंडे की मेजबानी में और हिमाचली प्रवासी ग्लोबल एसोसिएशन (एचपीजीए) के संयोजन में आयोजित हुआ।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इस भव्य अवसर पर हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं कनाडा की धरती पर पूरी भव्यता से प्रदर्शित हुई हैं। उन्होंने कहा, “विदेशों में रह रहे सभी हिमाचली हमारे राज्य के सच्चे ब्रांड एंबेसडर हैं, जो अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों से हिमाचल का गौरव बढ़ा रहे हैं।”

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कनाडा में रह रहे सभी भारतीयों और हिमाचलियों को राज्य का भ्रमण करने और निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पर्यटन, ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं, जहां प्रवासी भारतीय अपनी सहभागिता से राज्य के विकास में योगदान दे सकते हैं।

कनाडा के ओटावा में हुए इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया। विश्व प्रसिद्ध हिमाचली नाटी, पारंपरिक रामलीला का मंचन और हिमाचली धाम का आयोजन मुख्य आकर्षण रहा। इस अवसर पर 35 से अधिक क्षेत्रीय सामुदायिक संगठनों ने भाग लिया, जिससे हिमाचली प्रवासियों की एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रदर्शन हुआ।

एचपीजीए के सह-संस्थापक भाग्य चंदर, अरुण चौहान और विवेक नज्ज़र ने मुख्यमंत्री सुक्खू का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायक संदेश ने प्रवासी समुदाय में नई ऊर्जा का संचार किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार और प्रवासी समुदाय के बीच यह सहयोग वैश्विक मंच पर हिमाचली पहचान को सुदृढ़ करेगा।

इस अवसर पर भारत के उप उच्चायुक्त, वरिष्ठ राजनयिक, सामुदायिक नेता और अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने हिमाचल की संस्कृति को सराहा और प्रवासियों के योगदान की सराहना की।