➤ कांग्रेस का चुनाव आयोग और बीजेपी पर तीखा हमला, वोट कटने का आरोप
➤ कुलदीप राठौर बोले—लोकतंत्र पर मंडरा रहा खतरा
➤ चुनावों में असली मुद्दों की अनदेखी का लगाया आरोप
शिमला। पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शिमला में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप राठौर ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर वोट काटे जाने से बीजेपी को फायदा मिला, जो उनकी जीत का बड़ा कारण बना।
राठौर ने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका निष्पक्ष होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा समय में उसकी कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई के बाद अब चुनाव आयोग भी बीजेपी के इशारों पर काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर तथ्यों के साथ बात करते हैं, इसलिए बीजेपी उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कर पा रही।
राठौर ने आगे कहा कि बीजेपी एक या दो राज्यों पर पूरी ताकत झोंककर चुनाव जीतने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब, बिहार और महाराष्ट्र में भी इसी तरह सत्ता हासिल की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों में महंगाई और बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दे गायब रहे, जबकि कमर्शियल गैस के दाम बढ़े हैं और पेट्रोल-डीजल की कीमतें 100 रुपये के पार हैं, लेकिन इन पर चर्चा नहीं हुई।
पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए राठौर ने आरोप लगाया कि अर्धसैनिक बलों का दुरुपयोग किया गया और विपक्षी मतदाताओं को वोट देने से रोका गया।
राठौर ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारत के पड़ोसी देशों से संबंध ठीक नहीं हैं, जबकि सरकार का ध्यान अन्य राज्यों में सरकार गिराने पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से चुनाव लड़े जा रहे हैं, उससे लोकतंत्र पर संकट खड़ा हो गया है और कांग्रेस इसके खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।
केरल में चुनावी नतीजों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां मुद्दों के आधार पर चुनाव होते हैं, सांप्रदायिकता पर नहीं। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की भाषा शैली पर भी उन्होंने सवाल उठाए और तीखी टिप्पणी की।



