Follow Us:

शिमला में कांग्रेस ने निकाला संविधान रक्षा मार्च, रिज पर गांधी प्रतिमा तक पहुंचे कार्यकर्ता

➤ शिमला में कांग्रेस ने अंबेडकर चौक से रिज पर महात्मा गांधी की प्रतिमा तक निकाला संविधान रक्षा मार्च

➤ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को दिलाई संविधान की रक्षा की शपथ

➤ मुख्यमंत्री सुक्खू की तबीयत ठीक न होने से नहीं हुए शामिल, मार्च में उठा वोट चोरी और पेपर लीक का मुद्दा


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में कांग्रेस ने गुरुवार को संविधान रक्षा मार्च निकाला। मार्च में शामिल होने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता अंबेडकर चौक पर जुटे और इसके बाद रिज मैदान पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक मार्च निकाला। यहां सभी को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने संविधान की रक्षा के लिए शपथ दिलाई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा और उसके मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताने के लिए यह मार्च निकाला।

कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को संविधान बचाने की शपथ दिलाते हुए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। मार्च में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, सह प्रभारी चेतन चौहान, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री, विधायक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च के दौरान वोट चोरी और पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया गया।

रिज पर संविधान बचाओं मार्च में शामिल कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता।

संविधान दिवस और इसका महत्व: 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि यह 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकार देता है और साथ ही मौलिक कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। इस दिन संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, संगोष्ठियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। हर नागरिक के लिए जरूरी है कि वह अपने अधिकारों के साथ संविधान में दिए गए कर्तव्यों को भी समझे और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जिम्मेदारी से भागीदारी निभाए।