➤ डलहौजी के करेलनू में कार खाई में गिरी, तीन पर्यटकों की मौत
➤ तीन अन्य गंभीर घायल, एक युवती ने रास्ते में तोड़ा दम
➤ जालंधर के स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थे सभी पर्यटक
डलहौजी की पर्यटन नगरी में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन पर्यटकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा करेलनू क्षेत्र में देर रात हुआ, जब पर्यटकों से भरी कार करीब डेढ़ किलोमीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार वाहन में तीन युवक और तीन युवतियां सवार थे, जो जालंधर के एक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत बताए जा रहे हैं। हादसे में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एक युवती को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उसे पठानकोट ले जा रहे थे, जहां उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान 19 वर्षीय सोफिया, सिमरन प्रीत कौर (18) पुत्री परमजीत सिंह निवासी नूरपुर लुवाना, कपूरथला, और चालक सुरेंद्र (25) निवासी पूर्णपुरा, रामामंडी जालंधर के रूप में हुई है। हादसे में घायल अन्य तीन पर्यटकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए विजय सकलानी ने बताया कि वाहन दुर्घटना में तीन पर्यटकों की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की आशंका जताई जा रही है।



