Follow Us:

4 लाख 26 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी कृमिनाशक एल्बेंडाजोल: DC कांगड़ा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जिला कांगड़ा में 4 लाख 26 हजार 275 बच्चों और किशोरों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल एवं 93 हजार 408 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने आज यहां डी-वर्मिंग डे के बारे बैठक की अध्यक्षता करते हुये दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 2 नवंबर से 10 नवंबर, 2020 तक चलेगा। इस अभियान के तहत एक साल के बच्चे से लेकर 19 साल तक की आयु के किशोरों को घरद्वार पर कृमि नाशक दवाई एल्बेंडाजोल उपलब्ध करवाई जाएगी और एक साल के बच्चे से लेकर 5 साल तक की आयु के बच्चों को विटमिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों और किशोरों में कृमि संक्रमण के घातक  दुष्परिणामों से  शारीरिक और बौद्धिक विकास की क्षमता प्रभावित होती है।

डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश  दिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 वायरस संक्रमण के इस दौर में आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं  की भूमिका अभियान के लिए महत्वपूर्ण है।

राकेश कुमार प्रजापति ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कोविड-19 से संभावित संक्रमण के दृष्टिगत सभी दिशा-निर्देशों के पालन, मास्क का प्रयोग और व्यक्तिगत स्वच्छता को सुनिश्चित करने को भी कहा। उपायुक्त ने प्रारंभिक और उच्च शिक्षा उपनिदेशक को इस अभियान से संबंधित जागरूकता और जानकारी को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के लिए  विभाग के सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से जानकारी सांझा करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने अभियान को लेकर तैयार की गई कार्य योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की।