नाहन में जनवादी महिला समिति का जिला सम्मेलन संपन्न, फालमा चौहान ने की अध्यक्षता
पिछले तीन वर्षों की समीक्षा और आगामी रणनीति पर हुआ मंथन
नशा, महंगाई, महिला हिंसा, मनरेगा और इजराइल-फिलीस्तीन मुद्दे पर प्रस्ताव पारित
देवेंद्र वर्मा, नाहन
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति का जिला सम्मेलन आज नाहन में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता समिति की राज्य सचिव फालमा चौहान ने की। सम्मेलन में न केवल पिछले तीन वर्षों में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई, बल्कि आगामी तीन वर्षों के लिए कार्ययोजना और रणनीति भी तैयार की गई। इसके साथ-साथ नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई, जो आगामी समय में समिति के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने का कार्य करेगी।
सम्मेलन के दौरान चर्चा का केंद्र महिला हिंसा, नशा, महंगाई और मनरेगा बजट में कटौती जैसे गंभीर सामाजिक और आर्थिक मुद्दे रहे। फालमा चौहान ने मीडिया से बातचीत में बताया कि महिला हिंसा के बढ़ते मामलों पर समिति चिंतित है और उन्होंने राज्य व केंद्र सरकार से सख्त कानूनों के सख्ती से पालन की मांग की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा पर नियंत्रण के लिए शासन को त्वरित न्याय और सजा सुनिश्चित करनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त सम्मेलन में इजराइल-फिलीस्तीन संघर्ष पर चर्चा करते हुए भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति स्थापित करने में हस्तक्षेप की मांग की गई है। एक प्रस्ताव पारित कर इस नरसंहार की निंदा की गई और मानवीय मूल्यों के संरक्षण की अपील की गई।
मनरेगा के बजट में हो रही कटौती, बस किराए में हो रही वृद्धि, और महंगाई के लगातार बढ़ते स्तर पर भी सम्मेलन में चिंता जाहिर की गई। समिति ने इन आर्थिक दबावों को सामान्य जनता पर बढ़ता बोझ बताते हुए नीतिगत सुधारों की आवश्यकता जताई है।
फालमा चौहान ने स्पष्ट किया कि आने वाले तीन वर्षों में समिति का फोकस महिला सशक्तिकरण, आर्थिक न्याय और सामाजिक समानता पर रहेगा और जन आंदोलनों के माध्यम से संघर्ष जारी रहेगा।



