धर्मशाला: कांगड़ा जिला के सभी उपमंडलों में कर्मचारियों के लिए एनजीओ भवन निर्मित करने के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कर्मचारियों को बैठकें करने में बेहतर सुविधाएं मिल सकें. यह जानकारी उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने शनिवार को धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय संयुक्त सलाहाकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी.

उन्होंने कहा कि आवासीय कॉलोनी के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने के लिए कहा गया है. इसके लिए उपमंडल स्तर पर जेसीसी की बैठक आयोजित करने के दिशा निर्देश भी दिए गए हैं. इसके अतिरिक्त धर्मशाला स्थित अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ भवन बैठक में पिछले मदों पर हुई कार्रवाई पर भी विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े सभी मामलों को समयबद्व तरीके से निपटाना, सुनिश्चित किया जाना बहुत जरूरी है.

उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों को कर्मचारियों की सभी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट तय समय सीमा में निदेशालय भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं. इससे कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति और अन्य लाभ मिल सकें. साथ ही चिकित्सा और यात्रा भत्तों के बिल का भी समय पर अदायगी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है. इसके अतिरिक्त कांगड़ा के पटवार भवनों की मरम्मत तथा नव निर्माण बारे भी आवश्यक कदम उठाने पर विस्तार से चर्चा की गई है.



