Follow Us:

धर्मशालाः विजय दिवस पर शहीद स्मारक में किया गया शहीदों को नमन

मनोज धीमान |

राज्य युद्ध स्मारक धर्मशाला में आज विजय दिवस मनाया गया। इस दौरान वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने शिरकत करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। गौरतलब है कि सन् 1971 में हुए भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तानी सेना पराजित हुई थी और 16 दिसंबर 1971 को ढाका में हजारों पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण कर दिया था। इस युद्ध के 12 दिनों में अनेक भारतीय जवान शहीद हुए और हजारों घायल हो गए थे।

शहीद स्मारक समिति धर्मशाला के अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) एसके डडवाल ने कहा कि सन् 1971 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में जो जीत दर्ज की थी, उसकी याद में विजय दिवस मनाया जाता है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर शहीदों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हमारी कोशिश थी कि स्कूली बच्चे और आम जनता भी आते और देखते कि हमारी सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ कितनी बड़ी सफलता हासिल की थी। उन्होंने बताया कि 90 हजार सशस्त्र सैनिकों ने आत्म समर्पण किया था। इससे पहले यह स्टैलिनग्राद में हुआ था, जहां हथियारबंद सैनिकों ने सरेंडर किया था। भारत की यह सबसे बड़ी विजय है। भारत की भूमि वीर जवानों और शूरवीरों की भूमि है।