Follow Us:

सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेज़ी अनिवार्य, 9800 करोड़ का बजट शिक्षा को समर्पित: रोहित ठाकुर

  • शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में लिया भाग, नन्हार पंचायत में हुई सुनवाई

  • 1.75 करोड़ रुपये से बने नवनिर्मित स्कूल भवन का किया लोकार्पण, विभिन्न घोषणाएं भी की गईं

  • शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों और भर्तियों की दी जानकारी, शिक्षकों को सिंगापुर भेजे जाने की योजना का भी जिक्र



Rohit Thakur Chopal: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसी उद्देश्य से ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आरंभ किया गया है। उन्होंने यह बात चौपाल उपमंडल की नन्हार पंचायत में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कही।

मंत्री ने कहा कि चौपाल के ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकार की योजनाएं सीधे पहुंचें, इसके लिए इस कार्यक्रम को सशक्त माध्यम बनाया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चौपाल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम से पूर्व केवल तीन शिकायतें पंजीकृत हुई थीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान भी कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर शिक्षा मंत्री ने तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए और 23 से अधिक मांगों को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया।

शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि शिक्षा विभाग में 2016 से लंबित बैकलॉग को खत्म करते हुए करीब 1900 प्रिंसिपलों की नियुक्तियां की गई हैं। साथ ही उपनिदेशकों की पदोन्नति भी पांच वर्षों के बाद हुई है। वर्तमान सरकार के गठन के समय राज्य के 105 कॉलेज बिना प्रिंसिपल के थे, जिनमें अब नियुक्तियां की गई हैं।

टीजीटी के 937 और पीजीटी के 700 पदों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इनमें अधिकांश नियुक्तियां दुर्गम क्षेत्रों के लिए की जा रही हैं। शिक्षा को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए प्रदेश के करीब 350 शिक्षकों को सिंगापुर एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया और छात्रों के लिए भी ऐसी योजनाएं लाई गई हैं।

सरकार द्वारा 6200 एनटीटी और 6200 आया पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। 3800 बैचवाइज पद भरे जा चुके हैं। राज्य में प्राथमिक कक्षाओं से ही अंग्रेज़ी की पढ़ाई अनिवार्य की गई है, और सरकारी स्कूलों में स्मार्ट यूनिफॉर्म योजना लागू की गई है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि आर्थिक संकट के बावजूद सरकार ने शिक्षा विभाग के लिए इस वर्ष 9800 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जो अब तक का सर्वाधिक है।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नन्हार के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया गया। भवन के अतिरिक्त कार्यों के लिए संशोधित प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्कूल के फर्नीचर और सुरक्षा दीवार के लिए बजट देने की भी घोषणा की। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक स्कूल नन्हार को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रोत्साहन
कार्यक्रम में छात्राओं और महिला मंडल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को सराहा गया। शिक्षा मंत्री ने दोनों को 15-15 हजार रुपये देने की घोषणा की।

पूर्व महासचिव प्रदेश कांग्रेस संगठन रजनीश किमटा ने मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए सरकार का आभार जताया।