➤ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कुड्डू पंचायत में करोड़ों की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
➤ 3.83 करोड़ की सड़क, 1.87 करोड़ के स्कूल भवन सहित कई विकास कार्यों की सौगात
➤ दूरस्थ पंचायतों में शिक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर सरकार का फोकस
जुब्बल/शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल उपमंडल की सीमावर्ती कुड्डू पंचायत में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सड़क, शिक्षा और सामुदायिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने नढाल सड़क संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया, जिसका निर्माण 3 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाडी रावत के नए भवन का उद्घाटन किया। साथ ही बटाड़ गांव के सामुदायिक भवन की आधारशिला भी रखी गई, जिसके निर्माण के लिए प्रथम चरण में 5 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि कुड्डू पंचायत उत्तराखंड सीमा से सटी एक दूरस्थ और महत्वपूर्ण पंचायत है, जो उनके विधानसभा क्षेत्र का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इस पंचायत में चहुंमुखी विकास हुआ है और सड़क, भवन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी विकास श्रृंखला में आज कई नई परियोजनाओं की शुरुआत की गई है।

मंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा के दौरान कुड्डू पंचायत को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन सरकार ने प्रभावित परिवारों तक तुरंत राहत पहुंचाई और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया। उन्होंने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में सड़क और भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 550 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
शिक्षा क्षेत्र को लेकर मंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9666 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है, ताकि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत शैक्षणिक आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के हर छात्र को घर-द्वार पर बेहतर शिक्षा मिले।
रोहित ठाकुर ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिलने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से यहां छात्रों का प्रवेश भी शुरू कर दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए हजारों शिक्षकों की भर्ती, विद्यार्थियों और शिक्षकों के विदेश भ्रमण कार्यक्रम, अंग्रेजी माध्यम शिक्षा, पौष्टिक आहार योजना और 151 स्कूलों को CBSE से संबद्ध करने जैसे महत्वपूर्ण फैसले ले रही है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।



