Follow Us:

मंडी की चौहारघाटी के हुरंग गांव में 6 परिवारों के मकान राख, 2 गाय, 8 मुर्गे जिंदा जले

|

मंडी के पधर उपमंडल के तहत आने वाली चौहारघाटी के गांव हुरंग में आगजनी की घटना से 6 परिवारों के मकान जलकर राख हो गए। आगजनी की घटना में 2 गाभिन गाय 8 मुर्गे जिंदा जल गए। हादसा रविवार रात को करीब 2:00 बजे पेश आया। शॉर्ट सर्किट होने से हादसा पेश आया ऐसा बताया जा रहा है। रविवार रात को 6 परिवारों के संयुक्त घरों में अचानक आग भड़की। घटना के समय घर में परिवार के सदस्य सोए हुए थे। मकान के स्लेट टूटने की आवाज ग्रामीण महिला ने सुनी। उसे बारिश होने का आभास हुआ। जब वह घर से बाहर निकली तो उसने पड़ोसियों के मकान को आग की लपटों में घिरा देखा।

इस बीच ग्रामीणों ने घर में सोए परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बचाव करते हुए आसपास के मकानों को जलने से बचाया। हुरंग गांव के सभी ग्रामीण रात को आग बुझाने घटनास्थल पहुंचे। मकान में लगी आग की लपटें सोमवार को दिनभर सुलगती रही। हादसे की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम रात को ही हुरंग गांव पहुंची। सोमवार सुबह द्रंग के विधायक पुर्ण चंद ठाकुर घटनास्थल पहुंचे और प्रभावितों के साथ दुख सांझा किया। एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ठाकुर और नायब तहसीलदार पधर संजय बर्धन भी घटना स्थल पहुंचे और प्रशासन की टीम के साथ नुकसान का जायजा लिया। प्रभावित परिवारों को समीप के वन विभाग के रेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन द्वारा सभी प्रभावित परिवारों को पुनर्वास का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर प्रधान भूमा देवी, बीडीसी सदस्य चंद्रकला, उपप्रधान प्रेम सिंह पूर्व बीडीसी चेयरमैन लाल चंद ठाकुर, हल्का ग्रामीण राजस्व अधिकारी राकेश कुमार, विभाग की ओर से डिप्टी रेंजर सोहन सिंह, आइपीएच विभाग के जेई प्रेम सिंह भी मौजूद रह। इस घटना में ईश्वर सिंह, राजू राम पुत्र तोलू राम, रामु पुत्र काणु राम, राम कृष्ण, राम लाल पुत्र श्रीराम के रिहायशी मकान जलकर राख हुए। सभी परिवारों का घर के भीतर रखा सामान नकदी आभूषण सब जलकर राख हो गए। एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि आगजनी की घटना से 6 परिवारों के मकान राख हुए हैं। सभी प्रभावितों के पुनर्वास के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।