Follow Us:

समय पर वेतन न मिलने के कारण फोरलेन मजदूरों की हड़ताल

समाचार फर्स्ट |

मंडी में फोरलेन निर्माण में लगे सभी मजदूर हड़ताल पर चले गए हैं। इन मजदूरों का हड़ताल पर जाने का मुख्य कारण कंपनी का समय पर वेतन और अन्य सुविधा न देना है। मजदूरों के हड़ताल पर जाने से 4 टनलों का काम रूक गया है। हड़ताल करने वाले सभी मजदूर एक ही कंपनी के बताए जा रहे हैं।

मजदूरों का कहना है कि कंपनी ने 12 नवंबर को वेतन देने का वादा किया था, लेकिन कंपनी इसका भुगतान नहीं कर पाई। जिसके चलते मजदूर मंगलवार को हड़ताल पर चले गए। मजदूरों ने भारतीय मजदूर संघ की स्थानीय इकाई के बैनर तले कार्यस्थल पर विरोध प्रदर्शन किया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मजदूर संघ के प्रधान ने बताया कि कंपनी श्रम कानूनों की सरेआम धज्जियां उड़ा रही है न ही मजदूरों को अभी तक ज्वाईनिंग लेटर दिए गए हैं और न ही उन्हें कोई आई कार्ड जारी किए गए है। यदि कार्य के दौरान कोई मजदूर घायल हो जाता है तो मौके पर प्राथमिक उपचार की भी कोई सुविधा नहीं है। मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा है कि जब तक मजदूरों के वेतन का भुगतान नहीं होता हड़ताल जारी रहेगी।