Follow Us:

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने नरेंद्र बरागटा के निधन पर जताया शोक

|

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने प्रदेश सरकार के मुख्य सचेतक एवं भाजपा वरिष्ठ नेता नरेंद्र बरागटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि बरागटा एक स्वच्छ छवि के मेहनती व हिमाचल के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने राज्य में बागवानी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रदेश को विशेषकर जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

वहीं, पूर्व मुख्यंत्री प्रेम कुमार धूमल ने अपने शोक संदेश में कहा कि भारतीय जनता पार्टी हिमाचल के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री व प्रदेश सरकार में मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा के निधन का समाचार सुन कर स्तब्ध हूं। आज हमने एक ईमानदार एवं कर्मठ नेता को खोया है। जुब्बल-कोटखाई एवं हिमाचल भाजपा सहित यह पूरे हिमाचल के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर बरागटा की दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके शोकग्रस्त परिवार को इस मुश्किल घड़ी में इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें, ईश्वर से ऐसी प्रार्थना करता हूं। 

बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व में बाग़वानी मंत्री रहे वर्तमान में विधायक मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा का पीजीआई चंडीगढ़ मे आज दुःखद निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और पीजीआई में उपचाराधीन थे। शुक्रवार को ही हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीजीआई चंडीगढ़ जाकर उनका हाल चाल जाना था। वह बीते 15 दिन से चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती थे। इससे पहले नरेंद्र बरागटा 13 अप्रैल 2021 को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद से से उनकी सेहत लगातार गिरती गयी और वह रिकवर नहीं कर पाए और अब उनका निधन हो गया है।